पार्टी कार्यकर्ताओं को धमकाया जा रहा
पीडि़त महिलाओं ने सुनायी अपनी पीड़ा
पटना। जन अधिकार पार्टी (लोकतांत्रिक) के संरक्षक और सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव ने कहा है कि एसएसपी विकास वैभव की धमकी के मामले को लोकसभा अध्यक्ष और विशेषाधिकार समिति के समक्ष उठाएंगे। आज पटना में पत्रकारों से चर्चा में उन्होंने कहा कि एक सांसद के रूप में लोगों की समस्याओं को उठाना उनका अधिकार है, जिम्मेवारी है। इससे कोई भी पुलिस पदाधिकारी रोक नहीं सकता है।
श्री यादव ने कहा कि एसएसपी मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और लालू यादव के दबाव में उनके खिलाफ कार्रवाई की धमकी दे रहे हैं। कार्यकर्ताओं को परेशान कर रहे हैं। कार्यकर्ताओं को फोन पर धमकी दी जा रही है। इसका भी वे विरोध करेंगे।
प्रेसवार्ता में परबत्ता कांड की पीडि़त महिलाएं भी मौजूद थीं। उन महिलाओं ने खुद अपनी पीड़ा मीडिया वालों को सुनायी और न्याय की मांग की। पीडि़त महिलाओं ने कहा कि अपराधियों ने उनके साथ दुष्कर्म के साथ मारपीट भी की। एक महिला का गर्भपात भी हो गया। महिलाओं ने कहा कि पीडि़त महिलाओं को स्कूल में ताला लगाकार गांव में भेजा जा रहा है। सांसद ने कहा कि इन महिलाओं के लिए न्याय की लड़ाई हम अंतिम दम तक लड़ेंगे। समाज में अपराधियों का मनोबल बढ़ गया है। कानून का राज समाप्त हो गया है। श्री यादव ने कहा कि सामंतवादी, माफिया और नेताओं की गठजोड़ ने आम लोगों की चैन छीन ली है।
श्री यादव ने कहा कि महिला उत्पीड़न के खिलाफ बुधवार को परबत्ता के केएमडी कॉलेज के मैदान में सभा की जाएगी। उन्होंने कहा कि परबत्ता की घटना की सीबीआई जांच की मांग के लिए पटना हाईकोर्ट में याचिका दायर करेंगे। पत्रकार वार्ता में पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अशोक वर्मा, प्रदेश महासचिव एजाज अहमद भी मौजूद थे।
No comments:
Post a Comment